राज कपूर से लेकर देव आनंद तक, पाकिस्तान में जन्मे ये सितारे बने बॉलीवुड के सुपरस्टार !




बॉलीवुड में ऐसे कई सेलेब्स हैं, जिनका जन्म भारत में नहीं बल्कि पाकिस्तान में हुआ है। लेकिन पाकिस्तान में पैदा हुए इन सेलेब्स ने बॉलीवुड में खूब नाम कमाया। इनमें बॉलीवुड के कई जाने माने सितारे और सुपरस्टार भी शामिल हैं। दरअसल, विभाजन ने दोनों देश की तकदीर बदलकर रख दी। जब सरहद की दीवारें खड़ी हो रही थी, उस वक्त कई बॉलीवुड सितारों का पलायन भी पाकिस्तान से भारत की तरफ हुआ। हम आपको कुछ ऐसे ही सेलेब्स के बारे में बताएंगे उन सितारों के बारे में जिनका एक खास जुड़ाव है पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से है।


राज कपूर



बॉलीवुड के ‘शोमैन’ राज कपूर का जन्म पाकिस्तान के पेशावर में हुआ था। जिस हवेली में वह पैदा हुए थे, वह करीब 100 साल पुरानी हो चुकी है। यह हवेली पेशावर के धक्की मुनावर शाह में है। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें ‘पद्म भूषण’ और ‘दादासाहेब फाल्के’ पुरस्कार से सम्मानित किया है। राज कपूर का जन्म पाकिस्तान के पेशावर में 14 दिसम्बर 1924 में हुआ था।


दिलीप कुमार



‘ट्रेजडी किंग’ के नाम से मशहूर दिलीप कुमार का भी पुश्तैनी घर पाकिस्तान के पेशावर में है। हालांकि ये काफी जर्जर हालत में है। दिलीप कुमार के दो मंजिला घर को साल 2013 में राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया था। पेशावर में जन्मे दिलीप कुमार का असली नाम यूसुफ खान है। मुंबई आने से पहले सात साल दिलीप कुमार इसी घर में रहे थे। दिलीप कुमार का परिवार 1930 में मुंबई आया था। दिलीप कुमार को उनके अभिनय और शानदार काम के लिए ‘दादासाहेब फाल्के’, ‘पद्म भूषण’ और ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही उन्हें पाकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘निशान-ए-इम्तियाज’ से भी नवाज़ा गया है।


देव आनंद



बॉलीवुड के पहले रोमांटिक हीरो के रूप में मशहूर देव आनंद भारतीय सिनेमा के सदाबहार अभिनेता रहे हैं। देव आनंद की हर एक अदा पर हसीनाएं आहें भरती थी। कहा जाता है वो जिस सड़क से होकर गुजरते थे उन्हें देखने वालों की लाइन लग जाती थी। देवानंद का जन्म 26 सितंबर 1923 को गुरदासपुर (पाकिस्तान का नारोवाला जिला) में हुआ था। हालांकि उसके बाद उनके परिवार ने भारत का रूख कर लिया था। उनके घर का नाम चीरू था। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘पद्म भूषण’ और ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ से नवाजा गया है।


सुनील दत्त



बॉलीवुड एक्टर सुनील दत्त ने फैन्स को हिंदी सिनेमा के कई बेहतरीन किरदार दिए। बड़े पर्दे पर डाकू के किरदार में छा जाने वाले सुनील दत्त ने बहुत से मजेदार किरदारों को निभाकर ये साबित किया कि वे एक वर्सेटाइल एक्टर हैं। साथ ही उन्होंने अपने समय में कई बढ़िया फिल्मों का निर्माण और निर्देशन भी किया। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेताओं में से एक सुनिल दत्त का जन्म झेलम जिले के खूर्द गांव में हुआ था, जो आज पाकिस्तान का हिस्सा है। सुनील दत्त ने खुद की पहचान एक राजनेता, निर्माता और निर्देशक के तौर पर भी की है।


अमरीश पुरी



बॉलीवुड के मशहूर खलनायकों की बात की जाए तो निश्चित रूप से अमरीश पुरी का नाम सबसे पहले  आता है। अपने अभिनय से अमरीश पुरी किरदारों को इतना जीवंत बना देते थे कि असल जिदंगी में भी लोग उन्हीं नामों से जानने लग जाते हैं। अमरीश पुरी ने विलेन के तौर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। थिएटर और फिल्मों में अपनी पहचान बनाने के अलावा विदेशी मंच पर भी उनकी एक अलग पहचान थी। अमरीश पुरी का जन्म 22 जून 1932 को पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था।


साधना



साधना का जन्म पाकिस्तान के कराची में एक सिंधी परिवार में हुआ था। वो अपने मां-बाप की इकलौती संतान थीं। बंटवारे के बाद उनका परिवार कराची छोड़कर मुंबई आ बसा। साधना के पिता को एक्ट्रेस साधना बोस पसंंद थीं इसलिए अपनी बेटी का नाम भी उन्होंने साधना ही रखा। साधना ने महज 14 साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था। राज कपूर की फिल्म ‘श्री 420’ में एक गाना मुड़-मुड़ के न देख के कोरस में साधना थीं। इसके बाद उन्होंने 16 साल की उम्र में सिंधी फिल्म ‘अबाना’ में लीड रोल में काम किया। इस फिल्म के लिए उन्हें केवल एक रुपये का टोकन अमाउंट मिला था। इस फिल्म के बाद एक मैग्जीन में साधना की तस्वीर छपी। तब के मशहूर प्रोड्यूसर सशाधर मुखर्जी ने वो तस्वीर देखी और साधना को पहला मौका अपनी फिल्म ‘लव इन शिमला’ में दिया।

Next Post Previous Post